पटना में चैती छठ पूजा को लेकर प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। दूसरे दिन खरना पूजा के बाद 24 मार्च की शाम और 25 मार्च की सुबह अर्घ्य दिया जाएगा। छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए 24 मार्च की दोपहर से 25 मार्च की सुबह 8 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है।
अशोक राजपथ पर करगिल चौक से दीदारगंज तक सभी प्रकार के वाहनों की नो एंट्री रहेगी। इस मार्ग से जुड़े सभी प्रवेश बिंदु बंद रहेंगे। घाटों तक पहुंचने वाले व्रतियों की गाड़ियों को पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में पार्क किया जाएगा, जबकि सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा 24 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक और 25 मार्च को सुबह 3 से 6 बजे तक दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। हालांकि, इस दौरान वैकल्पिक मार्ग के रूप में रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए बेली रोड जाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
प्रशासन ने अटल पथ और मरीन ड्राइव पर भी विशेष प्रतिबंध लगाए हैं। 24 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक और 25 मार्च को सुबह 2 से 9 बजे तक अटल पथ से जेपी सेतु होते हुए सोनपुर की ओर जाने वाली गाड़ियों पर रोक रहेगी। अटल पथ पर दीघा से आर ब्लॉक तक न तो पार्किंग की अनुमति होगी और न ही वाहनों का आवागमन होगा। वहीं, कंगन घाट से मरीन ड्राइव की पश्चिम दिशा में भी नो एंट्री लागू रहेगी।
जेपी सेतु पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से गायघाट तक दोनों ओर वाहनों के चलने पर रोक रहेगी। बसों की पार्किंग के लिए गांधी मैदान गेट नंबर-10 के भीतर विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग प्रदान करें, ताकि छठ पूजा शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
डेक्स रिपोर्ट – पटना




