IMG 20251220 WA1403 गुड गवर्नेंस वीक के तहत जिले में “प्रशासन गांव की ओर” शिविर आयोजित, अमरपुर व बाराहाट में अधिकारियों ने किया निरीक्षण

गुड गवर्नेंस वीक के तहत जिले में “प्रशासन गांव की ओर” शिविर आयोजित, अमरपुर व बाराहाट में अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Photo of author

By Banka Darshan News

 

बांका जिला पदाधिकारी, बांका के निर्देशानुसार सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक ससमय, पारदर्शी एवं प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों में “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम के तहत शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम गुड गवर्नेंस वीक के अंतर्गत दिनांक 19 दिसंबर 2025 से 25 दिसंबर 2025 तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत जिले के कुल 55 पंचायतों में 20 दिसंबर से 24 दिसंबर 2025 तक शिविर लगाए जाएंगे।

IMG 20251220 WA1439 गुड गवर्नेंस वीक के तहत जिले में “प्रशासन गांव की ओर” शिविर आयोजित, अमरपुर व बाराहाट में अधिकारियों ने किया निरीक्षण

इसी क्रम में आज अमरपुर एवं बाराहाट सहित अन्य प्रखंडों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अमरपुर प्रखंड के पंचायत सरकार भवन फतेहपुर में आयोजित शिविर का निरीक्षण अपर समाहर्ता, बांका द्वारा किया गया, जबकि बाराहाट प्रखंड के नारायणपुर पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण उप विकास आयुक्त, बांका ने किया। निरीक्षण के दौरान जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता एवं उप विकास आयुक्त ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर जाकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। शिविर में सभी प्रमुख विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लोक सेवाओं का अधिकार, एकीकृत बाल विकास सेवा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, जन्म–मृत्यु पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा, विद्युत विभाग, जीविका, आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, सहकारिता सहित अन्य विभाग शामिल थे।

शिविर के दौरान ग्रामीणों की जनसमस्याओं की सुनवाई की गई तथा विभिन्न विभागों को संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन भी किया गया। विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

See also  बांका के धनकुंड नाथ शिव मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर हजारों की चोरी

स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। जिला पदाधिकारी, बांका ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि शिविरों के दौरान प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

 

रिपोर्ट -चन्दन कुमार