मुंगेर के जदयू सांसद सह केंद्रीय पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री ललन सिंह उर्फ राजीव रंजन सिंह मंगलवार को शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के हरिवंशपुर तेलडीहा स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मुंगेर विधानसभा के विधायक कुमार प्रणय एवं तारापुर विधानसभा के पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री के मंदिर आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
मंदिर परिसर में पहुंचते ही मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया और उन्हें गर्भगृह में ले जाया गया। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मां दुर्गा के चरणों में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की। पंडित श्याम आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ उन्हें तथा अन्य लोगों को पूजा संपन्न कराई गई। पूजा के उपरांत केंद्रीय मंत्री ने राज्य और देश की खुशहाली, शांति एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
केंद्रीय मंत्री के तेलडीहा आगमन की सूचना पूर्व से ही प्रशासन को थी, जिसके मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा, शंभूगंज बीडीओ नीतीश कुमार, पुनि सह थानाध्यक्ष बबलू कुमार, अंचलाधिकारी भूपेंद्र सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल मौके पर तैनात रहे। इसके अलावा मुंगेर जिले के भी कई वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारी मंदिर परिसर में मौजूद थे। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए थे, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
तेलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं जदयू कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का फूल-मालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने लोगों से आत्मीय संवाद किया और क्षेत्र की स्थिति की जानकारी भी ली। बताया जाता है कि केंद्रीय मंत्री की तेलडीहा दुर्गा मंदिर से गहरी आस्था जुड़ी हुई है और वे पिछले कई वर्षों से क्षेत्र आगमन पर नियमित रूप से यहां दर्शन-पूजन के लिए आते रहे हैं।
मंदिर दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आध्यात्मिक स्थलों से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने मां दुर्गा से देश और बिहार की निरंतर प्रगति की कामना की तथा क्षेत्रवासियों के स्नेह और स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य शंकर दास, पप्पू जी, ललन दास, मनोज पाठक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट -निवास कुमार सिंह




