पटना। बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। India Meteorological Department (आईएमडी) ने 26 से 30 मार्च तक पूरे राज्य में आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम के इस बदलाव से आम लोगों के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।
मार्च के महीने में राज्य का मौसम लगातार अस्थिर बना हुआ है। बिहार के कैमूर और गया जैसे जिलों में जहां तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर बादलों की आवाजाही से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। फारबिसगंज में हाल ही में तापमान 18 डिग्री तक गिर गया, लेकिन अगले ही दिन 31 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च से हल्की बारिश के साथ बदलाव शुरू होगा, जबकि 27 मार्च से इसका प्रभाव पूरे राज्य में देखने को मिलेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम के इस बदलते मिजाज का असर बाजार पर भी साफ दिख रहा है। जहां एक ओर लोग गर्मी से राहत के लिए एसी और कूलर खरीद रहे हैं, वहीं बारिश की संभावना को देखते हुए छाता और रेनकोट की मांग भी बढ़ गई है।
आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सतर्क रहें। खासकर किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम का यही उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
डेक्स रिपोर्ट -पटना





