अमरपुर के जगत पोखर के पास बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब स्थानीय ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के संदेह में एक महिला को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला की गतिविधि पर शक होने के बाद लोगों ने उसे रोककर पूछताछ की। इसी दौरान भीड़ इकट्ठा हो गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला को बिजली के खंभे से बांध दिया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने गश्ती दल में तैनात दरोगा राजेश कुमार को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ को समझाया और महिला को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर थाना लाया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देनी चाहिए।
फिलहाल महिला से थाना में पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा चोरी की आशंका में कितनी सच्चाई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।




