पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के तहत चांदन पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। चांदन–देवघर मुख्य सड़क मार्ग पर बेहंगा पुल के समीप जांच के दौरान एक डाक पार्सल वैन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार भी किया है।
जानकारी के अनुसार पीटीसी दिनेश कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान देवघर की ओर से आ रही एक डाक पार्सल वैन को संदेह के आधार पर रोका गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें रॉयल चैलेंज ब्रांड की 132 कार्टून और ऑफिसर चॉइस ब्रांड की 138 कार्टून विदेशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक कार्टून में 48 बोतलें और प्रत्येक बोतल में 180 एमएल शराब पाई गई। कुल बरामद शराब की मात्रा 2332.80 लीटर बताई गई है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के नगरगामा निवासी सुबोध कुमार राय (32) और पंकज कुमार (22) के रूप में की गई है।
प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ बेलहर (प्रक्षेत्र) रविंद्र मोहन प्रसाद ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थ और हथियारों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चांदन पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप जब्त कर तस्करों को गिरफ्तार किया है। वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है और चालक से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शराब की खेप झारखंड के देवघर से भागलपुर ले जाई जा रही थी। एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि शराब कारोबार से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट -जयकांत




