file 2026 02 04T16 54 54 बांका में 10 चक्का ट्रक से 3474 लीटर विदेशी शराब जब्त, बाजार कीमत करीब 35 लाख

बांका में 10 चक्का ट्रक से 3474 लीटर विदेशी शराब जब्त, बाजार कीमत करीब 35 लाख

Photo of author

By Banka Darshan News

बौंसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, होली से पहले तस्करों पर कसा शिकंजा

बौंसी. होली पर्व से पहले शराब माफिया एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। झारखंड से सटे बांका जिला को शराब तस्करी का सुरक्षित रास्ता मानकर तस्कर बड़े पैमाने पर अवैध शराब की खेप सड़क मार्ग से अन्य जिलों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, बांका पुलिस और उत्पाद विभाग की सतर्कता के चलते तस्करों की मंशा लगातार नाकाम हो रही है। इसी कड़ी में बुधवार को बौंसी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 10 चक्का ट्रक से करीब 3474 लीटर विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने यह कार्रवाई भलजोर चेक पोस्ट के आगे सांझोतरी के समीप की। जानकारी के अनुसार, झारखंड की ओर से आ रहा यह ट्रक गिट्टी लदा हुआ था और भागलपुर-नवगछिया की ओर जा रहा था। तलाशी के दौरान जब ट्रक से गिट्टी हटाई गई तो उसके नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में रॉयल स्टेग कंपनी की विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से ट्रक को जब्त करते हुए चालक सह तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस संबंध में एसडीपीओ बौंसी इंद्रजीत बैठा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राज रतन के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया और तलाशी लेने पर शराब की खेप पकड़ी गई। गिरफ्तार चालक की पहचान नवादा जिला के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपरपांती गांव निवासी बलवीर यादव के पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूछताछ के दौरान शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार चालक को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। इस कार्रवाई में पुअनि अनीश बिहारी, पवन कुमार, राकेश कुमार, सहायक पुअनि शंभू सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल था।

See also  बांका में धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कार्यकर्ताओं में केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर खासा आक्रोश देखने को मिला।

10 दिनों में करोड़ों की शराब जब्त

भागलपुर–हंसडीहा मुख्य मार्ग पर यह पुलिस की तीसरी बड़ी कार्रवाई है। बीते 24 जनवरी को रजौन और बाराहाट थाना क्षेत्र से दो अलग-अलग ट्रकों से कुल 18 हजार 552 लीटर शराब जब्त की गई थी, जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई थी। वहीं 1 फरवरी को उत्पाद विभाग की टीम ने भलजोर चेक पोस्ट पर 12 चक्का ट्रक से 10 हजार 97 लीटर शराब बरामद की थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये थी।

इस संबंध में बांका एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने कहा कि झारखंड से पूर्वी बिहार की ओर शराब तस्करी के लिए बांका जिला का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसे देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में हर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी कीमत पर बांका के रास्ते अन्य जिलों में शराब की डिलीवरी नहीं होने दी जाएगी।

 

रिपोर्ट -दीपक कुमार