IMG 20250904 233136 झाड़-फूंक के चक्कर में गई युवक की जान, विषैले सांप के डंसने से अमरपुर के भरको गांव में मचा कोहराम

झाड़-फूंक के चक्कर में गई युवक की जान, विषैले सांप के डंसने से अमरपुर के भरको गांव में मचा कोहराम

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका के अमरपुर प्रखंड में अंधविश्वास की भेंट चढ़कर एक युवक की जान चली गई। अमरपुर थाना क्षेत्र के भरको गांव में बुधवार की देर रात घर के आंगन में सो रहे 28 वर्षीय मुकेश पासवान को विषैले सांप ने डंस लिया। परिजनों ने तुरंत डॉक्टर की बजाय झाड़-फूंक कराने का रास्ता चुना और पूरी रात युवक को तांत्रिक के पास ले जाकर झाड़-फूंक कराते रहे।

 

इस दौरान युवक की स्थिति लगातार बिगड़ती रही। गुरुवार की सुबह हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अमरपुर रेफरल अस्पताल लाए। यहां डॉक्टर दिवाकर सिंह ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए मायागंज, भागलपुर रेफर कर दिया। लेकिन वहां इलाज के दौरान गुरुवार की दोपहर मुकेश ने दम तोड़ दिया।

 

मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गर्भवती पत्नी, मां कारी देवी, पिता अनिल पासवान और भाई संजय पासवान समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई ने बताया कि बुधवार की रात मुकेश आंगन में सो रहा था तभी विषैले सांप ने डंस लिया। यदि समय पर डॉक्टर को दिखाया गया होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

 

ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश बेहद मृदुल स्वभाव का और मेहनती युवक था। मजदूरी कर वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे—राधिका कुमारी (8 वर्ष), मौसम कुमारी (5 वर्ष) और मोनम पासवान (3 वर्ष)—हैं। पत्नी गर्भवती थी और परिवार में जल्द ही नई खुशियों की उम्मीद थी, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया।

See also  बौंसी मेला में किचन गार्डन बनेगा आकर्षण का केंद्र, घर बैठे सब्जी उत्पादन की मिलेगी जानकारी

 

गांव में इस घटना को लेकर मातम का माहौल है। लोग इसे अंधविश्वास के दुष्परिणाम के रूप में देख रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आज भी कई लोग डॉक्टर की जगह झाड़-फूंक पर भरोसा करते हैं, जिसके चलते अक्सर ऐसी जानलेवा घटनाएं घट जाती हैं।