file 2026 02 02T14 30 31 बांका के धनकुंड नाथ शिव मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर हजारों की चोरी

बांका के धनकुंड नाथ शिव मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर हजारों की चोरी

Photo of author

By Banka Darshan News

 बांका के धोरैया क्षेत्र के सुप्रसिद्ध धनकुंड नाथ शिव मंदिर में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में रखी दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी मिलते ही मंदिर के पुजारी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने धनकुंड थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना पर धनकुंड थानाध्यक्ष सुभाष पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू की। जांच के दौरान मंदिर के पीछे स्थित बहियार से एक दान पेटी बरामद की गई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी के बाद चोर दान पेटी को वहां फेंककर फरार हो गए। हालांकि दान पेटी में कितनी राशि थी, इसका सटीक आकलन अभी नहीं हो सका है, लेकिन श्रद्धालुओं का कहना है कि दान पेटी में हजारों रुपये होने की संभावना थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय मंदिर परिसर की लाइट पूरी तरह बंद थी और सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी चालू अवस्था में नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुरक्षा व्यवस्था में चूक को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

थानाध्यक्ष सुभाष पासवान ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी की ओर से लिखित आवेदन या प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने स्तर से भी मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

See also  बांका के रजौन में 35 करोड़ के वियर निर्माण में अवैध बालू उठाव का आरोप, धोरैया विधायक ने जांच की मांग उठाई

उधर, क्षेत्र के सुप्रसिद्ध और आस्था का केंद्र माने जाने वाले धनकुंड नाथ शिव मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में गहरी नाराजगी और दुख है। लोगों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने, नियमित लाइट और सीसीटीवी कैमरे चालू रखने की मांग की है।

 

रिपोर्ट -दीपक कुमार