बांका जिले के फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिणी कोझी पंचायत के गोड़ा गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां अपने दिवंगत पिता के श्राद्धकर्म में शामिल होने आए भारतीय सेना के सेवानिवृत्त मेजर आशोक यादव की मंगलवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह पूर्व मेजर आशोक यादव के पिता एवं पूर्व सरपंच परमेश्वर यादवेंद्र का निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए मेजर आशोक यादव अपने पैतृक गांव गोड़ा पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पिता के निधन से वह काफी सदमे में थे। मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार में कुछ दिनों के भीतर पिता-पुत्र की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि मेजर आशोक यादव मिलनसार और अनुशासित स्वभाव के व्यक्ति थे तथा सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी समाजसेवा में सक्रिय रहते थे।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बुद्धिजीवी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव, प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश, पूर्व जिप सदस्य नरेश प्रसाद यादव, पूर्व प्रमुख रामानंद यादव, मुखिया प्रकाश यादव, पूर्व मुखिया अजय यादव, भाजपा नेता राजेश गुप्ता समेत कई लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
लोगों ने कहा कि पिता के श्राद्धकर्म में शामिल होने आए बेटे की इस तरह अचानक मौत पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद है। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।




