बांका जिले में धान अधिप्राप्ति से जुड़े कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) की आपूर्ति में हो रही देरी को लेकर सहकारिता विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला सहकारिता पदाधिकारी मो. जैनुल आबदीन अंसारी ने लंबित एसटीआर (स्टॉक ट्रांसफर रिलीज) के विरुद्ध समय पर सीएमआर की आपूर्ति नहीं करने वाली जिले की आठ राइस मिलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित मिल संचालकों को दो दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार खरीफ अधिप्राप्ति वर्ष 2025-26 में धान के समतुल्य कुल 83,746.269 मीट्रिक टन सीएमआर राज्य खाद्य निगम को उपलब्ध कराया जाना है। इसके विरुद्ध अब तक मात्र 64,079.057 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति हो सकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 76.52 प्रतिशत है। विभाग का कहना है कि कई मिलों को एसटीआर जारी किए जाने के बावजूद वे निर्धारित समय पर सीएमआर की आपूर्ति नहीं कर रहे हैं, जिससे सरकारी लक्ष्य प्रभावित हो रहा है।
नोटिस प्राप्त करने वाली राइस मिलों में बाबा बासुकीनाथ राइस मिल, बांका; भगवती राइस मिल, बौंसी; जय गुरु राइस मिल, अमरपुर; लक्ष्मी भंडार राइस मिल, बेलहर; शारदा राम राइस मिल, बाराहाट; सिंह एंड भगत एग्रो इंडस्ट्रीज, बेलहर; सिंहजी फूड एलएलपी, रजौन तथा राजपूत पैक्स राइस मिल, बेलहर शामिल हैं। इन मिलों के विरुद्ध कुल 13 निर्गत एसटीआर के मुकाबले सीएमआर की आपूर्ति लंबित पाई गई है।
लंबित एसटीआर की बात करें तो लक्ष्मी भंडार राइस मिल, बेलहर में सबसे अधिक 42 एसटीआर लंबित हैं। इसके अलावा भगवती राइस मिल, बौंसी में 16, जय गुरु राइस मिल, अमरपुर में 13, बाबा बासुकीनाथ राइस मिल, बांका में 12, शारदा राम राइस मिल, बाराहाट में 5, सिंह एंड भगत एग्रो इंडस्ट्रीज तथा सिंहजी फूड एलएलपी में 3-3 और राजपूत पैक्स राइस मिल में 1 एसटीआर लंबित है।
जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, बांका द्वारा 9 जून 2026 को भेजी गई रिपोर्ट में भी इन मिलों द्वारा दैनिक लक्ष्य के अनुरूप सीएमआर आपूर्ति नहीं करने की बात सामने आई है। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि एसटीआर निर्गत होने के बावजूद सीएमआर की आपूर्ति नहीं होना गंभीर लापरवाही और मनमानी का परिचायक है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने तथा लंबित सीएमआर की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं किए जाने पर संबंधित मिलों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी
रिपोर्ट – दीपक कुमार सिंह




