अमरपुर प्रखंड के खैमीचक गांव में सोमवार को सामाजिक समरसता, शिक्षा और संविधानिक मूल्यों को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नव निर्मित अंबेडकर भवन परिसर में स्थापित भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की आकर्षक प्रतिमा का विधिवत अनावरण स्थानीय विधायक जयंत राज द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अंबेडकर समर्थक उपस्थित रहे।

जानकारी के अनुसार खैमीचक गांव में पूर्व से स्थित अंबेडकर भवन काफी जर्जर हो चुका था, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की मांग और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुराने भवन को हटाकर एक नए, आधुनिक एवं सुसज्जित अंबेडकर भवन का निर्माण कराया गया। भवन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद परिसर में डॉ. अंबेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई, जिसके अनावरण के लिए विशेष समारोह आयोजित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जयंत राज ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान देकर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। उनके विचार आज भी समाज को समानता, सामाजिक न्याय, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंबेडकर भवन केवल एक भवन नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और प्रेरणा का केंद्र बनेगा। यहां आने वाली नई पीढ़ी बाबा साहेब के संघर्ष, विचारों और आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करेगी

विधायक ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और अधिकार पहुंचाने की सोच बाबा साहेब की देन है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भी बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

प्रतिमा अनावरण के बाद उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और अंबेडकर समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। समारोह का समापन सामाजिक एकता और संविधानिक मूल्यों को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
रिपोर्ट -दीपक कुमार सिंह




