file 00000000d64c72088359a1bc29b69e5e गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला जमुई, बेखौफ अपराधियों ने शिक्षक पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला जमुई, बेखौफ अपराधियों ने शिक्षक पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

Photo of author

By Banka Darshan News

बिहार के जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह अपराधियों ने एक शिक्षक को गोली मारकर इलाके में सनसनी फैला दी। घायल शिक्षक की पहचान मटिया पंचायत के मुखिया पुत्र सह शिक्षक गौतम दास के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार गौतम दास पड़ोसी लखीसराय जिले में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे वह अपने घर से बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए लखीसराय जा रहे थे। इसी दौरान बरहट थाना क्षेत्र के पाड़ो बिशनपुर स्थित मन्सू घटा पुल के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी भी बाइक पर सवार थे और शिक्षक का पीछा कर रहे थे। जैसे ही गौतम दास पुल के समीप पहुंचे, बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनकी पीठ में जा लगी, जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। गोलीबारी के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े शिक्षक को देखकर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए जमुई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

See also  सीसीटीएनएस सीएएस 1.0 के सफल क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला आयोजित

घटना की सूचना मिलते ही बरहट थाना अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और लोग अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।