IMG 20260525 WA0033 महिलाओं एवं किशोरियों को किया गया जागरूक, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

महिलाओं एवं किशोरियों को किया गया जागरूक, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

Photo of author

By Banka Darshan News

जिला पदाधिकारी, बांका के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास निगम, बांका अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) द्वारा ग्राम गरभातरी स्थित महादलित टोला पंचायत लोधम में किशोरियों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

 

बैठक में उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस दौरान बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक भेदभाव तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा जैसे सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। किशोरियों को पढ़ाई जारी रखने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर तथा मिशन शक्ति योजना प्रमुख रूप से शामिल थीं। उपस्थित महिलाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या, हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

 

बैठक में यह भी बताया गया कि महिलाओं एवं किशोरियों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीकांत कुमार एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ शेखर कुमार दास द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विकास मित्र महेश कुमार दास का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाएं, किशोरियां एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।