बिहार सरकार के सात निश्चय–3 अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)” कार्यक्रम को प्रभावी बनाने की दिशा में बांका जिला प्रशासन लगातार पहल कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार को समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में आमजनों की समस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजना, राशन, बिजली, पेयजल, सड़क एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायतें प्राप्त हुईं। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में जांच एवं कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसके साथ ही जिले के सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। प्रशासन की इस पहल से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिला। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित दोनों कार्यदिवसों में सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे और जनता की शिकायतों के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाना है, ताकि आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।




