बांका जिला के रजौन थाना क्षेत्र के नया डीह गांव में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करते हुए छह युवकों द्वारा देसी कट्टा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करती है।मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और नया डीह गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में एक बारात आई हुई थी, जहां डीजे पर भोजपुरी गाने बज रहे थे। इसी दौरान गांव के छह युवक अचानक डीजे के पास जाकर डांस करने लगे। डांस के बीच एक युवक ने कमर से देसी कट्टा निकालकर उसे हवा में लहराते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।हथियार के साथ इस तरह सार्वजनिक प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है, इसके बावजूद युवकों में कानून का कोई भय नजर नहीं आ रहा है। खुलेआम कैमरे के सामने हथियार लहराने की घटना गंभीर चिंता का विषय बन गई है।वरीय अधिकारियों को सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।




