शंभुगंज में भूमिहीन परिवारों को आवासीय जमीन उपलब्ध कराने, महादलित टोलों में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग को लेकर सोमवार को शंभुगंज प्रखंड मुख्यालय में भाकपा-माले ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा अपनी मांगों के समर्थन में रैली निकालकर प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने अंचलाधिकारी को छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
भाकपा-माले की प्रखंड इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड सचिव कामरेड महादेव दास और कामरेड रणबीर कुशवाहा ने किया। शंभुगंज-खजुरी मोड़ से शुरू हुई रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई मूलभूत समस्याएं वर्षों से बनी हुई हैं, लेकिन उनके समाधान की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हो रही है। इससे गरीब और वंचित तबके के लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरना को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि सरकार को भूमिहीन और गरीब परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई परिवार अब भी आवासीय जमीन से वंचित हैं, जबकि महादलित बस्तियों में सड़क, नाली और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। इससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने अंचलाधिकारी जुगनू रानी को छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में सभी गरीब एवं भूमिहीन परिवारों को आवासीय जमीन का पर्चा देने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा छतहार पंचायत के अंबा गोयड़ा तथा रामचुआ पंचायत के बड़ी खजूरी महादलित टोला में पक्की नाली निर्माण कराने की मांग की गई है। नेताओं ने कहा कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं शंभुगंज बाजार की मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर पक्की नाली निर्माण कराने की भी मांग रखी गई।
अंचलाधिकारी जुगनू रानी ने बताया कि भाकपा-माले द्वारा सौंपे गए आवेदन को प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मांगों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। धरना-प्रदर्शन में कामरेड संगीता देवी, हीरा दास, शोभन रविदास, राम विरता देवी, सुलेखा देवी, फुलो देवी, अंजू देवी, पिंकी देवी, राजू दास, भुदेव दास, अजय रविदास, सुमीत रविदास और सियाराम दास समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
रिपोर्ट- दीपक कुमार




