file 00000000403c7209861cd7e16431d004 रजौन के मधाय गांव में बेटा नहीं होने पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या,पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

रजौन के मधाय गांव में बेटा नहीं होने पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या,पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के रजौन थाना क्षेत्र के संझा पंचायत अंतर्गत मधाय गांव में बेटा नहीं होने पर एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने से सनसनी फैल गई।मृतका के मायके पक्ष ने पति सहित ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की पहचान मधाय गांव निवासी अमृत मंडल की 25 वर्षीय पत्नी नीतू कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ससुराल पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, नीतू कुमारी मूल रूप से भागलपुर जिले के धर्मपुर बाईपास स्थित कोहली कुटहा गांव निवासी सुनील दास की पुत्री थी। उसकी शादी कुछ वर्ष पूर्व रजौन थाना क्षेत्र के मधाय गांव निवासी अमृत मंडल से हुई थी। शादी के बाद नीतू को तीन पुत्रियां हुई थीं। मायके पक्ष का आरोप है कि बेटा नहीं होने को लेकर पति और ससुराल वाले लगातार उसे प्रताड़ित करते थे।

मृतका के पिता सुनील दास ने बताया कि उनकी बेटी को अक्सर ताना दिया जाता था कि वह बेटा पैदा नहीं कर सकी। इस बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति तथा अन्य ससुराल वालों ने मिलकर नीतू की गला दबाकर हत्या कर दी।सुनील दास ने बताया कि जबकि उन्हें फोन कर सूचना दी गई कि उनकी बेटी की मौत सांप काटने से हो गई है। सूचना मिलने पर जब वे परिजनों के साथ शनिवार को मधाय गांव पहुंचे तो देखा कि घर के अधिकांश सदस्य फरार थे और नीतू का शव खाट पर पड़ा हुआ था। शव का निरीक्षण करने पर उसके गले पर निशान दिखाई दिया, जिससे पुष्टि हुई की गला दबाकर हत्या की गई है। क्योंकि आसपास घटनास्थल पर कहीं फांसी के फंदा नहीं लटका हुआ था।इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, थानाध्यक्ष राजरतन, एसआई मुकेश कुमार, विनोद कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा ससुराल पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना ले गई। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर क्राइम सीन का निरीक्षण किया और विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए।

See also  बांका में आवारा कुत्तों के आतंक से मिलेगी राहत, नगर परिषद में शुरू होगा नसबंदी व टीकाकरण अभियान.

पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतका के पिता सुनील दास, माता कुंती देवी, भाई तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतका के भाइयों ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या केवल इसलिए कर दी गई क्योंकि उसे बेटा नहीं हुआ था। उन्होंने पति, सास, ससुर, देवर सहित अन्य ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है और सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।मामले में एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। शनिवार संध्या 5:00 बजे घटना सामने आया।

न्यूज़ -दीपक कुमार