Screenshot 20260606 132850 बांका में शादी की तैयारियों के बीच वज्रपात का कहर: युवक की मौत, मासूम समेत कई घायल; खुशियां मातम में बदलीं

बांका में शादी की तैयारियों के बीच वज्रपात का कहर: युवक की मौत, मासूम समेत कई घायल; खुशियां मातम में बदलीं

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका। बंधुआकुरावा थाना क्षेत्र के खोड़ीमोड़ गांव में शनिवार को एक शादी समारोह की तैयारियों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार खोड़ीमोड़ गांव निवासी बिलाल अंसारी की पुत्री की शादी को लेकर घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। शनिवार को बारात आने वाली थी, जिसके लिए घर के बाहर टेंट लगाया जा रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच तेज गर्जना के साथ हुए वज्रपात की चपेट में टेंट लगाने में जुटे कई लोग आ गए।

हादसे में असनाहा गांव निवासी गुरुदेव यादव के 23 वर्षीय पुत्र अमित कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं मोफील मंडल के 40 वर्षीय पुत्र राजू मंडल, मीहीलाल यादव के 15 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार, मोड़ निवासी सामाजिक कार्यकर्ता निजामुद्दीन अंसारी तथा गांव निवासी मुन्ना अंसारी का पांच वर्षीय पुत्र अफान अंसारी भी घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि टेंट में लगा बांस फटकर बिखर गया और कुछ समय के लिए आसपास का इलाका अंधेरे में डूब गया।

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. कुमारी अर्चना ने जांच के बाद अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।

See also  बांका में आवारा कुत्तों के आतंक से मिलेगी राहत, नगर परिषद में शुरू होगा नसबंदी व टीकाकरण अभियान.

घटना की सूचना मिलते ही बंधुआकुरावा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार के निर्देश पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

अमित कुमार की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और उसकी दस माह की एक बेटी है। पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता गुरुदेव यादव ने बताया कि बड़ा बेटा सुमन कुमार दिल्ली में मजदूरी करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है।

हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग प्रशासन से की है। शादी वाले घर में जहां कुछ घंटे पहले तक उत्सव का माहौल था, वहीं अब हर आंख नम दिखाई दे रही है।

 

न्यूज़ -दीपक कुमार