विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों के तहत जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला बांका एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा बांका द्वारा दुम्मा बॉर्डर से धौरी धर्मशाला तक कांवरिया पथ का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कांवरिया श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने सभी धर्मशालाओं, रैन शेल्टरों, कैफेटेरियाओं एवं अन्य संरचनाओं की मरम्मत, रंग-रोगन एवं साफ-सफाई का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही कच्ची कांवरिया पथ के समतलीकरण, दोनों ओर उगी झाड़ियों की सफाई तथा संपूर्ण पथ पर बालू बिछाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, बांका को दिया गया।

कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण को कांवरिया पथ पर पेयजल आपूर्ति, चापाकलों की मरम्मत, नल-जल योजना के तहत स्थापित जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने तथा शौचालयों एवं स्नानागारों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को कांवरिया पथ एवं धर्मशालाओं में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया।

कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण को सड़क के समतलीकरण, बालू फिलिंग तथा सड़क किनारे तटबंध निर्माण का निर्देश दिया गया ताकि वर्षा के दौरान बालू बहने की समस्या न हो।कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग को सभी धर्मशालाओं की मरम्मत एवं रंग-रोगन कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त जिला ग्रामीण विकास अभिकरण को विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर कांवरिया पथ की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, जबकि वन विभाग को पथ के किनारे स्थित पेड़ों एवं उनकी टहनियों की छंटाई कराने का निर्देश दिया गया। कांवरिया पथ पर स्थापित बेंच एवं कांवर स्टैंड की मरम्मत तथा दोनों ओर उगी झाड़ियों की सफाई कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा किज्ञ श्रावणी मेला में आने वाले लाखों कांवरिया श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं।




