विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। लाखों कांवरियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से कटोरिया में एनएच-333ए पर निर्माणाधीन बाइपास सड़क को मेला शुरू होने से पहले चालू करने की तैयारी चल रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को डीएम नवदीप शुक्ला और एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने निर्माणाधीन बाइपास सड़क का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और श्रावणी मेला शुरू होने से पहले बाइपास को पूरी तरह चालू करने पर जोर दिया। प्रशासन ने आगामी 31 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला से पूर्व सड़क निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अधिकारियों ने बताया कि बाइपास के चालू होने के बाद बड़ी ट्रकों, हाईवा और अन्य भारी वाहनों का परिचालन बाजार क्षेत्र से हटाकर वैकल्पिक मार्ग से कराया जाएगा। इससे कटोरिया बाजार में जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।
डीएम नवदीप शुक्ला ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु और कांवरिया इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। बाइपास शुरू होने से कांवरियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुगम होगी, वहीं स्थानीय लोगों को भी बाजार क्षेत्र में होने वाली ट्रैफिक समस्या से राहत मिलेगी।
एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने कहा कि मेला अवधि में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। बाइपास चालू होने से पुलिस और प्रशासन को यातायात नियंत्रित करने में भी सुविधा होगी।
निरीक्षण के दौरान एडीएम अजीत कुमार सिंह, डीडीसी उपेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम राजकुमार, एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद, मुख्यालय डीएसपी आदित्य कुमार, कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, बीडीओ देवाशीष कुमार, चांदन बीडीओ अजेश कुमार, सीओ पुष्पा कुमारी, चांदन सीओ रवि कुमार सहित एनएच डिवीजन के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
प्रशासन का मानना है कि बाइपास सड़क के चालू होने से श्रावणी मेला के दौरान यातायात प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा तथा कांवरियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
रिपोर्ट -दीपक कुमार




