बांका जिला के अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या पांच स्थित बनियाचक मोहल्ले में गैस कनेक्शन दिलाने के नाम पर एक महिला से 3500 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात युवक खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर महिला के घर पहुंचा और नया गैस कनेक्शन स्वीकृत होने की बात कहकर रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता द्वारा गैस एजेंसी पहुंचकर जानकारी लेने पर ठगी का खुलासा हुआ।
पीड़ित महिला सावित्री देवी, पति कुलदीप साह, निवासी बनियाचक मोहल्ला ने बताया कि उन्होंने लगभग छह माह पूर्व नया गैस कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था। गुरुवार की दोपहर एक युवक उनके घर पहुंचा और कहा कि उनका गैस कनेक्शन स्वीकृत हो गया है तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द ही सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
युवक ने महिला से आधार कार्ड की छायाप्रति और 3500 रुपये जमा करने को कहा। गैस कनेक्शन मिलने की उम्मीद में महिला ने उसे आवश्यक दस्तावेज और नकद राशि दे दी। रुपये लेने के बाद युवक ने बताया कि वह गैस सिलेंडर और अन्य सामग्री लेकर तुरंत लौटेगा। हालांकि काफी देर बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं आया।
संदेह होने पर महिला घर से बाहर निकलकर युवक की तलाश करने लगी, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। आसपास के लोगों से पूछताछ और खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ।
इसके बाद सावित्री देवी अमरपुर बाजार स्थित गैस एजेंसी पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी दी। एजेंसी कर्मियों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में किसी नए गैस कनेक्शन का वितरण नहीं किया जा रहा है और एजेंसी की ओर से कोई भी कर्मचारी घर-घर जाकर इस प्रकार की प्रक्रिया नहीं करता है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से ठग की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को रुपये देने से पहले संबंधित संस्था या एजेंसी से उसकी पुष्टि अवश्य कर लें।




