बांका जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास निगम, बांका अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) द्वारा सदर प्रखंड के कटेली गांव स्थित महादलित टोला में महिलाओं एवं किशोरियों के सशक्तिकरण हेतु जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में डीएचईडब्ल्यू के जेंडर स्पेशलिस्ट एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ द्वारा उपस्थित महिलाओं, किशोरियों एवं अभिभावकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, बाल विवाह निषेध, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), मिशन शक्ति योजना, महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

जेंडर स्पेशलिस्ट ने बालिकाओं की शिक्षा, महिलाओं के अधिकार एवं लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। वहीं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ ने महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, बचत की आदत, डिजिटल भुगतान, सरकारी वित्तीय योजनाओं एवं आत्मनिर्भर बनने के उपायों की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों ने योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। बैठक में सभी प्रतिभागियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक में स्थानीय ग्रामीण महिलाएं, किशोरियां एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था।




