IMG 20260605 185522 अमरपुर की छात्रा की सड़क हादसे में मौत, ट्रक की टक्कर से थम गई जिंदगी की रफ्तार

अमरपुर की छात्रा की सड़क हादसे में मौत, ट्रक की टक्कर से थम गई जिंदगी की रफ्तार

Photo of author

By Banka Darshan News

अमरपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव की रहने वाली 21 वर्षीय छात्रा खुशी कुमारी की शुक्रवार सुबह मुंगेर पुल के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने मामा के साथ बाइक से बेगूसराय स्थित जीडी कॉलेज में बीए की परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया।

मृतका खुशी कुमारी गोपालपुर गांव निवासी संजय ईश्वर की पुत्री थी। ग्रामीणों के अनुसार वह पढ़ाई में मेधावी और मेहनती छात्रा थी। परीक्षा को लेकर वह काफी उत्साहित थी और भविष्य में कुछ बड़ा करने का सपना देख रही थी। शुक्रवार की सुबह वह अपने मामा मनीष कुमार उर्फ चिंटू के साथ बाइक से परीक्षा देने के लिए निकली थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुंगेर पुल के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक चालक सड़क किनारे जा गिरा, जबकि खुशी सड़क पर गिरकर ट्रक के पहिए की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि खुशी बचपन से ही मुंगेर जिले के चरौन गांव स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी लगन और मेहनत को देखकर परिजन उसके उज्ज्वल भविष्य के सपने संजोए हुए थे।

घटना की सूचना जैसे ही गोपालपुर स्थित उसके पैतृक घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। मां रूपम देवी, बहनें निक्की कुमारी और मुन्नी कुमारी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता संजय ईश्वर मुंबई में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और अपनी बेटियों को पढ़ाकर बेहतर भविष्य देना चाहते थे।

See also  बांका में आवारा कुत्तों के आतंक से मिलेगी राहत, नगर परिषद में शुरू होगा नसबंदी व टीकाकरण अभियान.

खुशी तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी असमय मौत ने परिवार की उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाया है। गांव के लोगों ने उसे मृदुभाषी, प्रतिभाशाली और संस्कारी छात्रा बताया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर आंख नम है। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने से पहले ही खुशी की जीवन यात्रा थम गई, जिससे पूरे इलाके में गहरा दुख व्याप्त है।

न्यूज़ -दीपक कुमार