Screenshot 20260606 125353 बांका में तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दंपती को मारी टक्कर, महिला की मौत; पति गंभीर घायल

बांका में तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दंपती को मारी टक्कर, महिला की मौत; पति गंभीर घायल

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका। शहर के शास्त्री चौक पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बाराहाट थाना क्षेत्र के बिरनिगड़िया पथरा गांव निवासी योगेंद्र पंडित अपनी पत्नी अनिता देवी के साथ बाइक से बांका कचहरी किसी मामले की तारीख पर आने के लिए निकले थे। इसी दौरान शास्त्री चौक के समीप सड़क निर्माण सामग्री लेकर ढाकामोड़ की ओर जा रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपती सड़क पर जा गिरे। हादसे में अनिता देवी हाइवा के अगले चक्के की चपेट में आ गईं, जिससे उनका सिर बुरी तरह कुचल गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे योगेंद्र पंडित का एक हाथ भी वाहन के चक्के की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद चालक हाइवा को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। देखते ही देखते बांका-ढाकामोड़ मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ा। लोग एमआरडी स्कूल होते हुए चांदन नदी तट मार्ग से आवागमन करते देखे गए।

See also  बांका के चांदन कटसकरा में तांबा-जस्ता खनन की तैयारी से हलचल, तीन गांवों पर विस्थापन का खतरा

सूचना मिलने पर पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल योगेंद्र पंडित को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

इधर जाम की सूचना पर सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, यातायात डीएसपी नीरज कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर थाना ले गई है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

न्यूज़ -दीपक कुमार