रिपोर्ट- माखन सिंह
चांदन डैम मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम हुए एक सड़क हादसे में माधोपुर गांव निवासी 65 वर्षीय जीतन राम मांझी की मौत हो गई। बताया जाता है कि वे बौंसी बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी सिमरा मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क किनारे गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से घायल को बौंसी रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस दौरान उनके परिजनों को घटना की जानकारी नहीं मिल पाई।
उधर, जब देर रात तक जीतन राम मांझी घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। पूछताछ और तलाश के बाद शनिवार सुबह पता चला कि इलाज के दौरान सुबह करीब चार बजे बांका सदर अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इस खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि जीतन राम मांझी शुक्रवार को यूको बैंक में सीएसपी का पैसा जमा करने गए थे। घर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ। फिलहाल दुर्घटना के सही कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी हीरा देवी, पुत्र रंजन मांझी, रोशन मांझी, पुत्री रूपा देवी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजा मिले और दुर्घटना में शामिल वाहन चालक को गिरफ्तार किया जाए।




