IMG 20250903 225002 बांका में 70 वर्षीय वृद्ध की डंडे से पीटकर हत्या, छिनतई की नीयत से दिया गया घटना को अंजाम

बांका में 70 वर्षीय वृद्ध की डंडे से पीटकर हत्या, छिनतई की नीयत से दिया गया घटना को अंजाम

Photo of author

By Banka Darshan News

 

बांका के कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़हार पंचायत के बनियाकुरा जोर के समीप बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 70 वर्षीय वृद्ध जल्धर राय की डंडे से प्रहार कर हत्या कर दी गई। वृद्ध पर यह हमला छिनतई की नीयत से किया गया था।

 

मृतक की पहचान हड़हार गांव निवासी स्व. चौठी राय के पुत्र जल्धर राय (70) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मनीष कुमार व थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ रेफरल अस्पताल पहुंचे और परिजनों से गहन पूछताछ की।

 

परिजनों ने बताया कि जल्धर राय बुधवार की सुबह करीब नौ बजे अपने घर से बनियाकुरा गांव स्थित पीडीएस दुकान पर राशन उठाने गए थे। फिंगर प्रिंट देने के बाद उन्होंने राशन वहीं रख दिया और खाली हाथ पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में बनियाकुरा जोर के समीप उन्हें रोककर छिनतई की नीयत से डंडे से सिर पर वार किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

 

चरवाहे की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को घर ले आए। इस दौरान जल्धर राय ने परिजनों को घटना की जानकारी भी दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें कटोरिया रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक के भाई सिल्धर राय के बयान पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। इसमें बनियाकुरा गांव निवासी नेमू पुझार का पुत्र बबलू पुझार नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

 

घटना के बाद मृतक की पत्नी गौरी देवी, पुत्री कलावती देवी, शांति देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

See also  चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, मजदूरी करने जा रहा था पुणे