IMG 20251213 WA1391 सरस्वती मंदिर में प्रेमी युगल पकड़ा गया, ग्रामीणों की मौजूदगी में कराई गई शादी

सरस्वती मंदिर में प्रेमी युगल पकड़ा गया, ग्रामीणों की मौजूदगी में कराई गई शादी

Photo of author

By Banka Darshan News

 

बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरनौधा गांव स्थित सरस्वती मंदिर में शनिवार को एक प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों से पूछताछ की और आपसी सहमति के आधार पर मंदिर परिसर में ही उनकी शादी करा दी। यह घटना दिनभर इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेमी युगल भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड के सीमावर्ती बाथ गांव का निवासी है। युवक की पहचान कारेलाल मंडल के पुत्र 20 वर्षीय दिलखुश कुमार के रूप में हुई है, जबकि युवती उसी गांव की 18 वर्षीय छोटी कुमारी बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान दिलखुश कुमार ने बताया कि दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। एक ही गांव के होने के कारण परिजनों द्वारा इस रिश्ते का विरोध किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर दोनों ने घर छोड़ने का निर्णय लिया।

 

योजना के अनुसार शुक्रवार की रात दोनों बिरनौधा गांव स्थित सरस्वती मंदिर पहुंचे। युवक ने बताया कि उनकी बहन और बहनोई सिमानामढ़ी गांव में रहते हैं, जहां जाने की योजना थी, लेकिन भागने की सूचना मिलने के बाद बहनोई ने उन्हें घर आने से मना कर दिया। ऐसे में दोनों ने रात मंदिर परिसर में ही बिताई।

 

शनिवार की सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर मंदिर में मौजूद प्रेमी युगल पर पड़ी। लोगों ने पूछताछ शुरू की, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पूछताछ के दौरान दोनों ने एक-दूसरे से विवाह करने की इच्छा जताई। इसके बाद ग्रामीणों ने घर से सिंदूर मंगवाया और मंदिर में विधिवत उनकी शादी संपन्न कराई।

See also  ई-केवाईसी में लापरवाही पर किसानों को हो सकता है सरकारी लाभ से वंचित, डीएम ने किया औचक निरीक्षण

 

शादी के दौरान किसी ग्रामीण द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस अनोखी शादी की चर्चा बिरनौधा गांव सहित आसपास के इलाकों में दिनभर होती रही। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

 

रिपोर्ट -निवास कुमार सिंह