बांका के बेलहर थाना क्षेत्र के पिपराडीह गांव निवासी बबीता हासदा ने अपने पति अमन कुमार टुडू के खिलाफ प्रताड़ना, मारपीट और पैसे की मांग को लेकर बेलहर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता ने अपने आवेदन में पति पर लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है।
बबीता हासदा ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह वर्तमान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में सिपाही के पद पर अमेठी, उत्तर प्रदेश में पदस्थापित हैं। उनकी शादी को लगभग पांच वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन विवाह के बाद से ही पति द्वारा उनके साथ लगातार दुर्व्यवहार किया जा रहा है। पीड़िता का आरोप है कि पति अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता है और मारपीट पर उतर आता है।
बबीता ने बताया कि जब वह अपने पति से संतान को लेकर बातचीत करती हैं, तो पति बेवजह नाराज होकर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करने लगता है। पति द्वारा यह कहकर टाल दिया जाता है कि पहले उसके छोटे भाई को “सेट” करना है। इसके लिए वह बार-बार उससे पैसे की मांग करता है। पीड़िता के अनुसार, जब वह पैसे देने से इंकार करती हैं तो पति का व्यवहार और अधिक हिंसक हो जाता है और उसे तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर वह पिछले कुछ समय से अपने मायके में रहकर ही ड्यूटी पर आती-जाती हैं। इसके बावजूद जब भी वह अपने ससुराल जाती हैं, पति द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती है। इससे उसकी मानसिक स्थिति पर भी गहरा असर पड़ा है।
बबीता हासदा ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बेलहर थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्ट- दीपक कुमार




