IMG 20251124 081403 बांका के भलुआ में एलपीजी सिलेंडर लिकेज से घर में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर खाक

बांका के भलुआ में एलपीजी सिलेंडर लिकेज से घर में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर खाक

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोर्ट-निवास कुमार सिंह

बांका जिला के शम्भूगंज के भलुवा गांव में रविवार की सुबह एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब किसान चमरू साह के घर में एलपीजी सिलेंडर लिकेज होने से अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे झोपड़ीनुमा घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक लाख से भी अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई

पीड़ित चमरू साह ने बताया कि उनका घर गांव के मुहाने पर नहर के किनारे बना हुआ है। परिवार इन दिनों उनकी पुत्री रानी कुमारी की शादी, जो 24 नवंबर को होनी है, की तैयारियों में व्यस्त था। घर में मेहमानों का जुटान भी शुरू हो गया था। रविवार की सुबह भोजन बनाने के दौरान अचानक सिलेंडर से गैस लिकेज होने लगी और कुछ ही क्षणों में आग भड़क उठी। रसोई में मौजूद लोग घबरा गए और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने सिलेंडर सहित पूरी झोपड़ी को अपनी आगोश में ले लिया था।

ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास तो किया, पर सिलेंडर फटने के डर से वे पास जाने से हिचक रहे थे। इसी बीच गांव के कुछ युवाओं ने साहस दिखाते हुए सिलेंडर को उठाकर घर से दूर सुनसान स्थान पर फेंक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी। बाद में पंपिंग मशीन और अन्य जुगाड़ की मदद से आग पर किसी तरह काबू पाया गया।

चमरू साह ने बताया कि घर में रखा अधिकांश सामान, वस्त्र, शादी की तैयारी का सामग्री तथा अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। पीड़ित परिवार ने कहा कि नुकसान की भरपाई अपने स्तर पर कर पाना संभव नहीं है, इसलिए उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग से सहायता राशि देने की मांग की है।

See also  अमरपुर में पैक्स अध्यक्ष के साथ मारपीट दोनों पछ से महिला समेत पांच लोग जख्मी, रेफर

सीओ जुगनू रानी ने बताया कि हल्का कर्मचारी को मौके पर भेजकर पूरी घटना की जांच कराने का निर्देश दे दिया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।