न्यूज़-चन्दन कुमार
बांका। शहर के व्यस्तम क्षेत्र शिवाजी चौक स्थित काली मंदिर के बगल में सोमवार की शाम एक मिली मॉल सह कपड़ा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी भयावह हो गई कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्गा पूजा को लेकर मार्केट में लोगों की भारी भीड़ थी, इसी दौरान लगी इस आग ने लोगों को दहशत में डाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मॉल के मालिक सह पूजन सामग्री विक्रेता मंटू कुमार साह उर्फ बनबारी लाल अपने परिजनों के साथ पूजा सामग्री की दुकान पर व्यस्त थे। तभी मॉल के बगल वाले हिस्से में स्थित कपड़ा गोदाम में अचानक धुआं उठने लगा और आग तेजी से फैल गई। आनन-फानन में दुकानदार ने घटना की सूचना थाना और बिजली विभाग को दी, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति काट दी गई।
गोदाम में ठंड के कपड़े, शादी-विवाह के परिधान, लहंगा, बनारसी साड़ी, बच्चों के वस्त्र सहित महंगे कपड़े बड़ी मात्रा में रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गए। बताया जाता है कि आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए बड़ी मात्रा में नया स्टॉक मंगाया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल की दो गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश करती रहीं। कई बार दमकल वाहनों को पानी भरकर घटनास्थल पर पहुंचना पड़ा। देर शाम तक फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी रही, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पाई थी।
सुरक्षा कारणों से पुलिस ने आसपास के करीब एक दर्जन दुकानों को बंद करा दिया। वहीं स्थानीय प्रशासन ने भीड़ को हटाकर सड़क खाली कराई। दुकानदार मंटू कुमार के अनुसार आग से लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि, वास्तविक क्षति का आकलन अब तक नहीं हो सका है।
बांका थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। फिलहाल स्थिति पर पुलिस व दमकल विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।




