IMG 20251101 230252 बांका में नहाने के दौरान बदुआ नदी में डूबी नाबालिग

बांका में नहाने के दौरान बदुआ नदी में डूबी नाबालिग

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोर्ट-कमलदेव सिंह

बांका जिले के धौरी पंचायत अंतर्गत चौरा गांव के पास बदुआ नदी के चौरा घाट पर शनिवार की संध्या एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के अमोद मंडल की 15 वर्षीय पुत्री प्रिया कुमारी नहाने के क्रम में नदी में डूब गई। बताया जाता है कि प्रिया अपने भाई-बहनों राहुल कुमार, अर्जित कुमार और प्रियंका कुमारी के साथ करीब तीन बजे स्नान करने गई थी। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे हिस्से में चली गई। परिजन और आसपास मौजूद लोग शोर मचाते हुए उसे बचाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन गहरे पानी के कारण प्रिया को नहीं निकाला जा सका।

 

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चार से पांच घंटे तक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। देर शाम तक लड़की का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद ग्रामीणों ने थाने और अंचलाधिकारी (सीओ) को सूचना दी। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद रात तक सीओ घटनास्थल पर नहीं पहुंचे और न ही गोताखोरों को भेजा गया, जिससे आक्रोश फैल गया।

 

ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की होती तो संभव था कि बच्ची को समय पर बचाया जा सकता था। इधर, थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि पुलिस टीम नदी किनारे डेरा डाले हुए है और सीओ व गोताखोरों को सूचित कर दिया गया है। रात होने के कारण गोताखोरों की खोज अभियान रविवार सुबह शुरू की जाएगी।

 

उधर, बताया गया कि अमोद मंडल अपने परिवार सहित दिल्ली में रहते हैं और छठ पर्व के अवसर पर ही गांव आए थे। परिवार पर अचानक आई इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण पूरी रात नदी किनारे उम्मीद लगाए बैठे रहे कि किसी तरह प्रिया का पता चल सके। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर रोष व्याप्त है।

See also  कड़ाके की ठंड को लेकर बड़ा फैसला: बांका और बेगूसराय में 6 से 8 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल, डीएम ने जारी किया आदेश