रिपोर्ट-निवास कुमार सिंह( शम्भूगंज)
बांका। शंभूगंज थाना क्षेत्र के चूटिया गांव निवासी 44 वर्षीय मोहम्मद नसीम की मौत शनिवार की संध्या ट्रेन की चपेट में आने से हो गई। हादसा अजगैबीनाथ धाम से आगे अब्जुगंज रेलवे हाल्ट के पास हुआ। परिजनों ने बताया कि नसीम मुंबई में रहकर एक निजी कंपनी में मैकेनिक का काम करता था और कई वर्षों से वहीं रहकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
जानकारी के अनुसार, कुछ माह पूर्व वह गांव आया था। शनिवार को वह लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस पकड़ने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान अब्जुगंज हाल्ट के समीप उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन की पटरी पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने स्वजनों को घटना की सूचना दी।
नसीम के निधन की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। पत्नी नाजीन रो-रोकर बार-बार कह रही थी कि अब पांच बच्चों की परवरिश कौन करेगा और बेटियों की शादी कैसे होगी। नसीम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। शादी के बाद सभी अलग-अलग रहते थे। मृतक के तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं।
परिजनों ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, इसलिए नसीम मुंबई में रोजी-रोटी के लिए काम करता था। पुत्री की शादी की तैयारी के सिलसिले में ही हाल में गांव आया था। उसने कहा था कि मुंबई से लौटकर शादी धूमधाम से करेगा, लेकिन हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना पर समाजसेवी मोहम्मद गालिब रजा सहित कई लोगों ने शोक व्यक्त किया और प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी लाभ व आर्थिक मदद देने की मांग की है।




