रिपोर्ट-चन्दन कुमार
बांका के अमरपुर प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय महादेवपुर अनुसूचित में फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर वर्षों से नौकरी कर रहे एक शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार शिक्षक की पहचान खगड़िया जिला के पसराहा थाना अंतर्गत तेहाय गांव निवासी देव कुमार दीनबंधु के रूप में हुई है, जो विद्यालय में शिक्षक पद पर कार्यरत था।
अनुसंधानकर्ता दारोगा सतीश कुमार सिंह ने बताया कि निगरानी विभाग ने शिक्षक के शैक्षणिक प्रमाण पत्र की जांच कराई थी। सत्यापन के दौरान उसके द्वारा जमा किया गया प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। इसके आधार पर अमरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी शिक्षक को उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार कर अमरपुर थाने में लाया।
सूत्रों के अनुसार, देव कुमार दीनबंधु कई वर्षों से विद्यालय में सेवा दे रहा था और इस दौरान वह नियमित रूप से सरकारी वेतन का लाभ भी उठा रहा था। प्रमाण पत्र की जांच में धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद निगरानी विभाग ने तत्परता से कार्रवाई शुरू की।
पुलिस आरोपी शिक्षक से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि फर्जी प्रमाण पत्र कैसे तैयार किया गया, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका हो सकती है और क्या इस प्रकार के अन्य मामले भी प्रखंड में सक्रिय हैं। जांच टीम इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि नियुक्ति प्रक्रिया में किस स्तर पर लापरवाही हुई।
इस घटना के उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने कड़े शब्दों में कहा कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनी रहे। वहीं प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।




