तिलडीहा दुर्गा मंदिर में आस्था का सैलाब : दो दिनों में 16 हजार पाठाबलि, सात हजार बच्चों का मुंडन संस्कार

 

हमसे जुड़े

Facebook Instagram WhatsApp YouTube

रिपोट- निवास कुमार सिंह (शभूगंज)

बांका जिले का प्रसिद्ध तिलडीहा दुर्गा मंदिर शारदीय नवरात्र में जन आस्था का प्रतीक बन गया। अष्टमी और नवमी पूजा के मौके पर दो दिनों के भीतर 16 हजार से अधिक पाठाबलि चढ़ाई गई, वहीं करीब सात हजार बच्चों का मुंडन संस्कार हुआ। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में कहीं अधिक रहा।

 

बीडीओ नितीश कुमार ने बताया कि इस बार भक्तों की संख्या और पाठाबलि का रिकॉर्ड बढ़ा है। अष्टमी का पाठाबलि शाम सात बजे से शुरू होकर पूरी रात चला और सुबह तक जारी रहा। वहीं नवमी का पाठाबलि करीब 19 घंटे तक चला, जो दोपहर 12 बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह सात बजे तक चला।

 

सूत्रों के अनुसार हजारों पाठाबलि बिना रसीद के भी चढ़े। लंबी कतार में खड़े श्रद्धालु घंटों प्रतीक्षा करते रहे, जिससे कई लोग थककर गश खाकर गिर पड़े। ककना निवासी विष्णु पंडित और मालतेघड़ा के बीजो मंडल जैसे श्रद्धालुओं को अस्पताल ले जाना पड़ा।

 

मौसम ने भी भक्तों की परीक्षा ली। बुधवार दोपहर से हुई बारिश ने मंदिर परिसर को कीचड़मय बना दिया, जिससे श्रद्धालुओं और दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ी। बारिश से मेला में व्यापार प्रभावित हुआ और दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा। वहीं वाहन पार्किंग की अव्यवस्था ने श्रद्धालुओं को और परेशान किया। कोई निश्चित शुल्क न होने के कारण बिचौलियों ने मनमानी वसूली की, जिससे कई बार झड़प भी हुई।

 

इस बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, बेलहर विधायक मनोज यादव, तारापुर विधायक राजीव कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मंदिर पहुंचे। गुरुवार को विधिविधान से पूर्णाहुति और शाम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बदुआ नदी में प्रतिमा विसर्जन संपन्न हुआ।

 

पूरे आयोजन के दौरान डीएम नवदीप शुक्ला, एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा, एडीएम, एसडीओ और एसडीपीओ सहित बड़ी संख्या में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। नौ दिनों की पूजा-अर्चना और श्रद्धा के बाद अब परंपरा के अनुसार नदी से मेढ़ की वापसी होगी।

 

तिलडीहा दुर्गा मंदिर का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना बल्कि व्यवस्था और चुनौतियों की कसौटी भी रहा।

 

 

छठ पूजा शुभकामनाएँ
Advertisement