रिपोट-निवास कुमार सिंह (शम्भूगंज)
बांका जिला के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के सहरोय गोयड़ा गांव में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की कटे पेड़ के तने से दबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी शंभू यादव के 23 वर्षीय पुत्र साहेब यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, साहेब यादव दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार को वह काम के सिलसिले में तिलडीहा गांव के समीप बदुआ नदी किनारे लकड़ी ढुलाई करने गया था। इसी दौरान बगीचे में पहले से कटे पड़े विशाल पेड़ के तने को गाड़ी पर लोड किया जा रहा था। अचानक भारी तना फिसलकर साहेब के ऊपर आ गिरा। साथी श्रमिकों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की खबर मिलते ही परिजन के बीच कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक की मां बुलबुल देवी बार-बार छाती पीटकर रो रही थी, जबकि पिता शंभू यादव गम से निःशब्द थे। ग्रामीणों ने बताया कि साहेब घर का इकलौता पुत्र था। तीन संतानों में दो बेटियां और एक बेटा था, जिसमें साहेब ही परिवार का सहारा बना हुआ था। घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह कम उम्र से ही मेहनत-मजदूरी करने लगा था।
अचानक हुई इस घटना ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। परिजन के करुण क्रंदन से गांव का माहौल गमगीन हो गया। इस संबंध में शंभूगंज थानाध्यक्ष अरविंद राय ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताते हुए जांच कराने की बात कही है।




