file 2026 01 23T15 08 20 चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, मजदूरी करने जा रहा था पुणे

चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, मजदूरी करने जा रहा था पुणे

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के बौंसी थाना क्षेत्र के भायाभीठा गांव के एक युवक की महाराष्ट्र में चलती ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान भायाभीठा गांव निवासी फागो लैया के 19 वर्षीय पुत्र सिंटू कुमार लैया के रूप में की गई है। इस हृदयविदारक घटना से गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सिंटू अपने कुछ दोस्तों के साथ पटना–पुणे एक्सप्रेस ट्रेन से मजदूरी करने पुणे जा रहा था। मंगलवार को महाराष्ट्र के पाचुरा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन के गेट पर खड़े होने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मंगलवार दोपहर रेलवे पुलिस द्वारा परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को जब सिंटू का शव गांव पहुंचा तो पूरे भायाभीठा गांव का माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं और हर कोई इस असमय हुई मौत से स्तब्ध नजर आया।

बताया जाता है कि सिंटू के पिता पहले से ही पुणे में मजदूरी करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण सिंटू भी काम करने के लिए बाहर जा रहा था। वह रविवार को घर से निकला था, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी थम गई। घर में दादी, मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। मां अपने इकलौते बेटे की मौत से सदमे में है और बार-बार बेहोश हो जा रही है।

See also  बांका में अवैध बालू खनन पर कार्रवाई के दौरान पुलिस पर पथराव, हवलदार घायल, 25 पर मामला दर्ज.

परिजनों ने बताया कि सिंटू परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा एवं हरसंभव सहायता देने की मांग की है।

रिपोर्ट -माखन सिंह