रिपोर्ट-आसुतोष कुमार
बांका के धोरैया थाना क्षेत्र के गचिया बसबिट्टा पंचायत के बसबिट्टा गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें करेंट लगने से 35 वर्षीय विपिन मंडल की मौत हो गई। मृतक सियाराम मंडल का पुत्र बताया गया है। बताया जाता है कि विपिन के घर के लोहे के गेट से सटा बिजली का तार था। शुक्रवार को गेट खोलने-बंद करने के दौरान तार कट गया, जिससे गेट में करेंट प्रवाहित हो गया। गेट को छूने के साथ ही विपिन को जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। बताया जाता है कि विपिन दिल्ली में रहकर मजदूरी का काम करता था और दीपावली मनाने घर आया था। उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी चांदनी देवी, पुत्री अनुप्रिया, रोशनी और पुत्र सूरज का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि बिजली विभाग द्वारा तारों की ठीक से देखरेख की जाती, तो यह हादसा टल सकता था।
इधर, धोरैया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है और यूडी (अस्वाभाविक मृत्यु) केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।




