रिपोर्ट- आसुतोष कुमार सिंह
बांका के धोरैया प्रखंड में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्थानीय निवासी मनीष कुमार को गाय को चारा खिलाने के दौरान एक जहरीले सांप ने डंस लिया। घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। मनीष रोज की तरह अपने मवेशियों को चारा डालने गया था। जैसे ही उसने भूसा में हाथ डाला, वहीं छिपे हुए सांप ने अचानक उसे काट लिया। घटना इतनी अप्रत्याशित थी कि युवक कुछ देर के लिए घबराकर वहीं बैठ गया।
सर्पदंश की जानकारी मिलते ही परिवार और आस-पड़ोस के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत मनीष को संभाला और आनन-फानन में धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया और एंटी-वेनम दिया। हालांकि स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सांप भूसे के ढेर में छिपा हुआ था, जिसके कारण उसकी मौजूदगी का किसी को अंदेशा नहीं था। घटना के बाद मौजूद लोगों ने मशक्कत कर सांप को वहां से भगाया और बिना समय गंवाए मनीष को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर किए जाने के दौरान परिजनों की चिंता साफ झलक रही थी।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में हाल के दिनों में सांप निकलने की घटनाएँ बढ़ी हैं। इससे लोग दहशत में हैं और प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। चिकित्सा अधिकारियों ने भी ग्रामीणों से सावधानी बरतने, भूसे या घास में हाथ डालने से पहले जांच करने और किसी भी सर्पदंश की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है।




