बांका के आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरी बारणे पंचायत के नावाडीह गांव में शनिवार को एक बर्थ-डे पार्टी के दौरान डीजे पर डांस नहीं करने पर हुए विवाद में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे परिजनों द्वारा इलाज के लिए रेफरल अस्पताल कटोरिया में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नावाडीह गांव निवासी स्वर्गीय महेंद्र यादव के 28 वर्षीय पुत्र पप्पू यादव को उसके ही चचेरे भाई बच्चू यादव ने लाठी-डंडे से मारपीट कर सिर फोड़ दिया। घटना शनिवार की बताई जा रही है। घायल अवस्था में पप्पू यादव को परिजनों ने तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार एवं डॉ. अमित महाजन द्वारा उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल के सिर में गंभीर चोट आई है, हालांकि फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मी पप्पू यादव ने बताया कि शनिवार को उसके चचेरे भाई बच्चू यादव ने अपने बेटे के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित बर्थ-डे पार्टी में उसे आमंत्रित किया था। पार्टी में शामिल होकर वह अन्य परिजनों के साथ खाना बनाने और भोजन करने में सहयोग कर रहा था। भोजन के बाद जब वह अपने घर लौटने लगा, उसी दौरान बर्थ-डे पार्टी में डीजे बजाकर डांस कार्यक्रम शुरू किया गया।
पप्पू यादव का आरोप है कि डीजे बजने के दौरान उसे जबरन डांस करने के लिए दबाव बनाया गया। जब उसने डीजे पर नाचने से साफ इंकार किया, तो बच्चू यादव और अन्य लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे लाठी-डंडे से पीटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। मारपीट के दौरान उसके सिर में गहरी चोट आई, जिससे काफी खून बहने लगा।
घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। इस घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित पप्पू यादव ने अपने चचेरे भाई बच्चू यादव के विरुद्ध आनंदपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बर्थ-डे पार्टी जैसी खुशी के मौके पर इस तरह की हिंसक घटना से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
न्यूज़- दीपक कुमार




