IMG 20251129 225056 बांका व्यवहार न्यायालय में गुटखा थूकते युवक को पकड़ा, बांका पुलिस के हवाले

बांका व्यवहार न्यायालय में गुटखा थूकते युवक को पकड़ा, बांका पुलिस के हवाले

Photo of author

By Banka Darshan News

 

बांका। बांका व्यवहार न्यायालय परिसर में स्वच्छता अभियान के बीच शनिवार को एक युवक गुटखा खाकर थूकते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद उसे सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस के हवाले कर दिया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्य भूषण आर्य के निर्देश पर न्यायालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत परिसर में गुटखा, तंबाकू और धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है। स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निजी सफाई कर्मियों को मानदेय पर नियुक्त किया गया है, जिनकी कार्यप्रणाली का जिला जज स्वयं नियमित निरीक्षण करते हैं।

 

शनिवार की शाम परिसर में गश्त के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने बाबुटोला निवासी सैयद इकबाल को गुटखा थूकते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। परिसर में गुटखा थूकना न सिर्फ प्रतिबंधित है, बल्कि इसे न्यायालय की गरिमा और स्वच्छता अभियान का उल्लंघन माना जाता है। युवक के पकड़े जाने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत सदर पुलिस को सूचित किया।

 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को अपनी हिरासत में ले लिया। सदर थाना पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। न्यायालय परिसर में गुटखा थूकने की यह घटना प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को चुनौती के रूप में देखी जा रही है।

 

अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय परिसर को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है और इसके खिलाफ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी और भी कड़ी किए जाने की संभावना है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ न हों।

See also  बेलहर में सीआरपीएफ महिला सिपाही ने पति पर प्रताड़ना, मारपीट और पैसे मांगने का लगाया आरोप, प्राथमिकी दर्ज

 

रिपोर्ट – प्रिन्स राज