file 2026 01 24T16 14 31 बांका कोर्ट से फरार चोर चार दिन बाद ढाका मोड़ से गिरफ्तार, शंभुगंज पुलिस को मिली बड़ी सफलता

बांका कोर्ट से फरार चोर चार दिन बाद ढाका मोड़ से गिरफ्तार, शंभुगंज पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका कोर्ट परिसर से हथकड़ी खोलकर पुलिस को चकमा देकर फरार हुए चोर को शंभुगंज पुलिस ने चार दिन बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। फरार आरोपी को ढाका मोड़ स्थित एक ठिकाने से दबिश देकर पकड़ा गया, जिसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे शंभुगंज थाना लाया गया।

जानकारी के अनुसार चार दिन पूर्व भागलपुर जिले के ततारपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक ट्रैक्टर के मामले में शंभुगंज पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के गढ़ी बाटो गांव में छापेमारी कर दो युवकों को चोरी की ट्रैक्टर के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अठमनिया गांव निवासी सुमन कुमार और पौकरी गांव निवासी दिलखुश कुमार उर्फ भोला के रूप में हुई थी। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की थी।

इसी दौरान बांका न्यायालय परिसर से सटे एक दुकान के पास पेशी के दौरान दिलखुश कुमार उर्फ भोला ने मौका पाकर हथकड़ी खोल ली और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत उसका पीछा कर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन न्यायालय परिसर में मौजूद भीड़ का फायदा उठाते हुए वह भागने में सफल रहा।

इस घटना के बाद शंभुगंज थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए, वहीं पुलिस प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गई। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार चोर दिलखुश कुमार ढाका मोड़ के पास एक ठिकाने में छिपा हुआ है।

See also  महाराणा प्रताप जयंती पर सहोड़ा में भव्य चेतक रेस व दौड़ प्रतियोगिता आज, उमड़ा जनउत्साह

सूचना मिलते ही शंभुगंज पुलिस पदाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां छापेमारी की और दिलखुश कुमार उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच शंभुगंज थाना लाया गया।

इस संबंध में पुनि सह थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि बांका कोर्ट परिसर के समीप से फरार हुए चोर को पुनः गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेजा जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।

रिपोर्ट -दीपक कुमार