बांका के बेलहर प्रखंड के साहबगंज बाजार में छह नवंबर की रात हुई गैस सिलिंडर विस्फोट की घटना के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज हो गई है। चाय दुकान में पेट्रोल और गैस सिलिंडर से लगी आग के कारण लगातार कई गैस सिलिंडरों में विस्फोट होने से बाजार में अफरातफरी मच गई थी। इस गंभीर मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) विश्वजीत कुमार पंडित ने बुधवार को बेलहर थाना में लिखित आवेदन देकर सात दुकानदारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में दुकानों में अवैध रूप से पेट्रोल तथा घरेलू गैस सिलिंडरों का भंडारण एवं बिक्री करने का आरोप लगाया गया है।
एमओ द्वारा जिन दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है, उनमें प्रदीप कुमार उर्फ लाल भगत, जीतू दास, मुन्नी देवी, प्रमोद साह, गोपाल साह, मुकेश दास और अजय साह शामिल हैं। आरोप है कि ये सभी दुकानदार बिना किसी लाइसेंस या अनुमति के अपनी दुकानों में ज्वलनशील पदार्थों—विशेषकर पेट्रोल और घरेलू गैस सिलिंडर—का अवैध भंडारण और बिक्री करते थे, जो कानूनन प्रतिबंधित है और अत्यंत खतरनाक भी।
बताया गया है कि घटना के संबंध में थाना द्वारा आपूर्ति पदाधिकारी को जानकारी 18 नवंबर को दी गई थी। जानकारी मिलने के बाद एमओ ने पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि दुकानों में लंबे समय से अवैध रूप से गैस सिलिंडरों और पेट्रोल का भंडारण किया जा रहा था, जिसके कारण आग लगने के बाद स्थिति भयावह हो गई और कई सिलिंडर फट गए। विस्फोट की आवाज से आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग दहशत में आ गए थे।
घटना के बाद थाना पुलिस ने मौके से जले हुए कुल 22 गैस सिलिंडर को जब्त कर थाना परिसर लाया था। बाद में इन सिलिंडरों को निशि भारत गैस ग्रामीण वितरक, तरैया को जिम्मानामा पर सौंप दिया गया। सिलिंडरों की स्थिति और संख्या से यह स्पष्ट था कि अवैध भंडारण का स्तर गंभीर था, जिससे बाजार क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता था।
थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई विधिसम्मत रूप से की जाएगी। पुलिस अब आरोपित दुकानदारों की गतिविधियों की जांच कर रही है तथा कानून के तहत उचित धाराओं में कार्रवाई होगी। इस घटना ने प्रशासन और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है, क्योंकि अवैध ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि लोगों की जान जोखिम में डालने के बराबर है। स्थानीय जनता ने भी इस कार्रवाई का स्वागत किया है और ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
रिपोर्ट – कमलदेव सिंह




