रिपोर्ट-बांका डेक्स -चन्दन कुमार
विधानसभा चुनाव 2025 के द्वितीय चरण में मंगलवार को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। रविवार को अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर स्थित सीएमएस उच्च विद्यालय परिसर में बने डिस्पैच सेंटर पर सामान्य प्रेक्षक आईएएस रितेश चौहान ने मतदान दलों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर अंतिम तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में प्रेक्षक ने सभी कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तकनीक के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सभी कर्मी संबंधित मोबाइल एप और तकनीकी उपकरणों के संचालन की पूरी जानकारी रखें, ताकि मतदान के दौरान कोई तकनीकी त्रुटि न हो।
रितेश चौहान ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर दो स्थानीय महिला कर्मियों की अनिवार्य तैनाती होगी, जिससे महिला मतदाताओं को कतारबद्ध करने और मतदान प्रक्रिया में सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि हर मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी शिकायत की स्थिति में उस केंद्र की वीडियोग्राफी की जांच की जाएगी, और वीडियो रिकॉर्डिंग को 45 दिनों तक सुरक्षित रखा जाएगा।
प्रेक्षक ने पीठासीन अधिकारियों से कहा कि मतदान की गति को सुचारू और तेज बनाए रखें, ताकि मतदाताओं को अधिक देर तक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने फर्जी मतदान पर सख्त रोक लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी केंद्र पर गड़बड़ी की सूचना मिलती है, तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एडीएम अजीत कुमार, अमरपुर बीडीओ प्रतीक राज, शंभूगंज बीडीओ नीतीश कुमार, पुलिस पदाधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और मतदान कर्मी उपस्थित थे। प्रशासन ने दावा किया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है और चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।




