IMG 20251013 232816 अमरपुर में खाना बनाते समय गर्म पानी गिरने से महिला झुलसी, भागलपुर रेफर

अमरपुर में खाना बनाते समय गर्म पानी गिरने से महिला झुलसी, भागलपुर रेफर

Photo of author

By Banka Darshan News

रिपोर्ट-चन्दन कुमार

 

अमरपुर। थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घरेलू हादसे में एक वृद्ध महिला बुरी तरह झुलस गई। खाना बनाने के दौरान खौलता पानी अचानक शरीर पर गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोपालपुर गांव निवासी कंपनी दास की 65 वर्षीय पत्नी पबिया देवी अपने घर में खाना बना रही थीं। बताया गया कि वे चूल्हे पर पानी गर्म कर रही थीं। जब वह चूल्हे के पास से बर्तन हटाने लगीं, तभी उन्हें अचानक चक्कर आ गया और उनका संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान खौलता हुआ पानी सीधे उनके शरीर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं।

 

घटना के बाद परिवार के लोग तुरंत उन्हें लेकर रेफरल अस्पताल अमरपुर पहुंचे, जहां डॉ. अमित कुमार शर्मा ने उनका प्राथमिक उपचार किया। लेकिन महिला की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया।

 

परिजनों ने बताया कि पबिया देवी पहले से ही ब्लड प्रेशर की मरीज थीं, और संभवतः चक्कर आने की वजह यही रही। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन काफी घबराए हुए हैं और महिला की स्थिति को लेकर चिंतित हैं।

 

डॉक्टरों के अनुसार महिला के शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है, और तत्काल विशेष उपचार की आवश्यकता है। फिलहाल महिला को भागलपुर अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया जा रहा है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।

See also  कटोरिया में दलित महिला से मारपीट व दुर्व्यवहार का आरोप, एससी-एसटी थाना पुलिस ने की जांच