रिपोर्ट -निवास कुमार सिंह
अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के शंभुगंज प्रखंड स्थित द्वारिका अमृत अशर्फी उच्च विद्यालय परिसर में सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में वे जदयू प्रत्याशी जयंत राज के समर्थन में जनता से मत देने की अपील करेंगे। मुख्यमंत्री की इस सभा को लेकर प्रशासन और पार्टी दोनों स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सभा से एक दिन पूर्व रविवार को प्रशासनिक पदाधिकारियों की टीम ने स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सभा स्थल और हेलीपैड की तैयारी की समीक्षा की गई। सुरक्षा कारणों से विद्यालय परिसर में बनाए गए हेलीपैड को खेसर मोड़ के समीप ग्राउंड में स्थानांतरित किया गया है, ताकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान बीएमपी बटालियन-6 के एसपी रमाशंकर राय, शंभुगंज थानाध्यक्ष बबलू कुमार के साथ सभा स्थल और हेलीपैड दोनों जगह पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और भवन निर्माण विभाग, बांका के पदाधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसपी राय ने कहा कि मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग से लेकर सभा के समापन तक तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा।
उधर, जदयू कार्यकर्ताओं द्वारा सभा की तैयारी युद्धस्तर पर की जा रही है। मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, साउंड सिस्टम और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां देर रात तक चलती रहीं।
जानकारी के अनुसार, अमरपुर विधानसभा क्षेत्र में 11 नवंबर 2025 को मतदान होना है। इसे देखते हुए सभी दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। जदयू और भाजपा नेताओं ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मुख्यमंत्री की जनसभा में पहुंचने की अपील की है।
स्थानीय प्रशासन ने कहा कि भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के लिए सभी विभागों को अलर्ट किया गया है।




