बांका जिला के अमरपुर थाना पुलिस को वाहन चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो नवंबर 2025 को कोल्ड स्टोरेज के पास स्थित एक पेट्रोल पंप से चोरी हुई बोलेरो गाड़ी को झारखंड के कुंजू थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, धोरैया निवासी जसीम अंसारी ने अमरपुर थाना में बोलेरो चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के प्रचार कार्य के सिलसिले में वे अमरपुर आए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी बोलेरो को कोल्ड स्टोरेज के पास एक पेट्रोल पंप पर खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर वाहन गायब मिला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत थाने में मामला दर्ज कराया।
वाहन चोरी की घटना के बाद अमरपुर पुलिस लगातार छानबीन में जुटी हुई थी। इसी बीच वाहन स्वामी के मोबाइल पर फास्टैग के जरिए टोल टैक्स कटने का मैसेज आया। इस डिजिटल सूचना ने पुलिस की जांच को नई दिशा दी। पुलिस ने फास्टैग से मिली लोकेशन के आधार पर वाहन की ट्रैकिंग शुरू की और झारखंड पुलिस से समन्वय स्थापित किया। तकनीकी अनुसंधान के जरिए पुलिस चोरी की गई बोलेरो तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस ने झारखंड के कुंजू थाना क्षेत्र से बोलेरो को बरामद कर लिया और मौके से सोनबाद निवासी जयनंदन सिंह तथा लोपांग निवासी निलेश साह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान निलेश साह ने पुलिस को बताया कि उसने यह बोलेरो गिरिडीह जिले के सरिया निवासी सुमीत मंडल से महज 1.95 लाख रुपये में खरीदी थी। इस खुलासे के बाद पुलिस को वाहन चोरी के एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है।
पुलिस अब इस मामले में फरार आरोपी सुमीत मंडल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इससे पहले कितने वाहनों की चोरी की जा चुकी है।
इस संबंध में अमरपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान और फास्टैग की निशानदेही के आधार पर यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों का भी पर्दाफाश किया जा सके। बरामद बोलेरो को अमरपुर थाना लाया जा रहा है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
रिपोर्ट – दीपक कुमार




