Screenshot 20260102 225937 अमरपुर की बेटी सिमरन सक्सेना ने जूनियर नेशनल रोल बॉल चैंपियनशिप में रचा इतिहास, जिला व राज्य का नाम किया रोशन

अमरपुर की बेटी सिमरन सक्सेना ने जूनियर नेशनल रोल बॉल चैंपियनशिप में रचा इतिहास, जिला व राज्य का नाम किया रोशन

Photo of author

By Banka Darshan News

 

अमरपुर नगर पंचायत की होनहार बेटी सिमरन सक्सेना ने खेल जगत में शानदार उपलब्धि हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे जिला और राज्य को गौरवान्वित किया है। सिमरन ने असम की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 17वीं जूनियर नेशनल रोल बॉल चैंपियनशिप 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन किया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक जम्मू के एमए स्टेडियम स्थित स्केटिंग रिंक में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता का आयोजन रोल बॉल एसोसिएशन ऑफ जम्मू एंड कश्मीर के तत्वावधान में हुआ, जिसमें देशभर से कई मजबूत और अनुभवी टीमें शामिल हुईं। कड़े मुकाबलों के बीच सिमरन सक्सेना का प्रदर्शन दर्शकों और चयनकर्ताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

मैदान पर सिमरन ने अपने उत्कृष्ट कौशल, तेज फुर्ती, संतुलन और रणनीतिक खेल से विरोधी टीमों को कड़ी चुनौती दी। उन्होंने हर मैच में आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए टीम को मजबूती प्रदान की और महत्वपूर्ण मौकों पर शानदार प्रदर्शन कर जीत की राह आसान की। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सिमरन की खेल समझ और अनुशासन ने उन्हें इस स्तर तक पहुंचाया है।

सिमरन सक्सेना अमरपुर निवासी सोनू कुमार सक्सेना की पुत्री हैं। उनकी इस सफलता के पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति अटूट समर्पण रहा है। सीमित संसाधनों और सुविधाओं के बावजूद सिमरन ने कभी अपने सपनों को कमजोर नहीं पड़ने दिया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने निरंतर अभ्यास जारी रखा और अपने खेल को निखारती रहीं, जिसका परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान के रूप में सामने आया है।

See also  बांका के धनकुंड नाथ शिव मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर हजारों की चोरी

सिमरन की इस उपलब्धि से अमरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों, खेल प्रेमियों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने इसे अमरपुर के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि सिमरन ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

आज सिमरन सक्सेना उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखती हैं। उनकी सफलता न केवल महिला खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएगी, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी खेलों की ओर प्रेरित करेगी।

रिपोर्ट -दीपक कुमार