file 00000000af707207a87a69c5ac178163 साइकिल से बेटी के घर जा रहे वृद्ध की रास्ते में बिगड़ी तबीयत, मौत

साइकिल से बेटी के घर जा रहे वृद्ध की रास्ते में बिगड़ी तबीयत, मौत

Photo of author

By Banka Darshan News

बांका जिला के जयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जयपुर पंचायत के बंधा गांव निवासी 60 वर्षीय वृद्ध मनोहर ठाकुर की शनिवार को साइकिल से बेटी के घर जाने के दौरान रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोहर ठाकुर शनिवार की सुबह अपने घर बंधा गांव से साइकिल पर सवार होकर कटोरिया थाना क्षेत्र के कटहरा गांव स्थित अपनी बेटी के घर जा रहे थे। साइकिल में उन्होंने घरेलू उपयोग की सामग्री, जिसमें टमाटर सहित अन्य सब्जियां और सामान बंधा हुआ था। रास्ते में चिरैया मोड़ के पास स्थित एक प्राइवेट क्लिनिक के समीप पहुंचने पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्होंने पास में मौजूद लोगों को बताया कि उन्हें घबराहट और कमजोरी महसूस हो रही है।

इसके बाद वे क्लिनिक के बाहर रखी कुर्सी पर बैठ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों के भीतर उनकी हालत और बिगड़ गई और वे कुर्सी से गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर मृतक की पत्नी पार्वती देवी सहित अन्य परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने क्लिनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी देखा, जिसमें मनोहर ठाकुर को कुर्सी पर बैठने और फिर गिरते हुए देखा गया। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि उनकी मौत अचानक तबीयत बिगड़ने, संभवतः हार्ट अटैक या अत्यधिक कमजोरी के कारण हुई।

See also  एडीएम व एसडीओ ने संयुक्त रूप से मेला तैयारी का किया निरीक्षण, दिए कई अहम निर्देश

घटना की जानकारी मिलने पर जयपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा तैयार किया। परिजनों ने किसी भी प्रकार की शंका से इनकार करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

मनोहर ठाकुर की असामयिक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी पार्वती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। एक साधारण पारिवारिक यात्रा के दौरान इस तरह हुई मौत ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।

रिपोर्ट -दीपक कुमार