बांका जिला के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरिहारी गांव में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां अलाव तापने के दौरान 70 वर्षीय एक वृद्ध महिला आग से बुरी तरह झुलस गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार जख्मी महिला की पहचान सोनी देवी के रूप में हुई है, जो सुरिहारी गांव निवासी रघु शर्मा की पत्नी हैं। रविवार की सुबह ठंड से बचने के लिए सोनी देवी घर के आंगन में अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान अलाव से उठी एक चिंगारी अचानक उनकी साड़ी में जा लगी। देखते ही देखते साड़ी में आग फैल गई और कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की लपटों में घिरी सोनी देवी ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। उनकी आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। परिजनों ने तुरंत कंबल और पानी की मदद से आग बुझाई, लेकिन तब तक वृद्ध महिला का शरीर काफी हद तक झुलस चुका था। घटना के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर लेकर पहुंचे।
रेफरल अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जख्मी महिला का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि वृद्ध महिला गंभीर रूप से झुलसी हुई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
जख्मी महिला की पुत्रवधु नीलम देवी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार की सुबह उनकी सास रोज की तरह अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान अचानक आग की चिंगारी साड़ी में लग गई। जब तक सोनी देवी कुछ समझ पातीं, तब तक आग ने पूरी साड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए।
इस हादसे के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने ठंड के मौसम में अलाव तापते समय सावधानी बरतने की अपील की है। इधर, वृद्ध महिला की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और परिजन मायागंज अस्पताल में उनके बेहतर इलाज की उम्मीद लगाए हुए हैं।




